यूपी के राजस्व संग्रह में 1,939 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी, अक्टूबर में 19,686 करोड़ का राजस्व प्राप्त
अन्य खबरे Nov 05, 2026 at 04:59 PM , 20**जीएसटी से 1,323 करोड़ और स्टाम्प एवं निबंधन से 427 करोड़ रुपये अधिक मिले, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दी जानकारी**
**अग्निवीरों की सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ाने के फैसले का वित्त मंत्री ने किया स्वागत, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के प्रति जताया आभार**
**लखनऊ, 5 नवंबर।** उत्तर प्रदेश में राजस्व संग्रह के मोर्चे पर सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में प्रदेश सरकार को प्रमुख कर एवं करेत्तर राजस्व मदों से कुल 19,686 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है। जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर में यह आंकड़ा 17,747 करोड़ रुपये था। इस तरह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस बार राजस्व संग्रह में 1,939 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राजस्व प्राप्तियों का विवरण देते हुए बताया कि अक्टूबर 2026 में जीएसटी से 8,154 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 6,831 करोड़ रुपये मिले थे। इस प्रकार जीएसटी संग्रह में 1,323 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
इसी तरह स्टाम्प एवं निबंधन विभाग को अक्टूबर में 2,714 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष के 2,287 करोड़ रुपये की तुलना में 427 करोड़ रुपये अधिक है। वैट से भी इस वर्ष 2,705 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष यह राशि 2,402 करोड़ रुपये थी। इस मद में 303 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
**खनन राजस्व में 56 करोड़ की वृद्धि, आबकारी और परिवहन में कमी**
वित्त मंत्री ने बताया कि भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग के राजस्व में भी वृद्धि हुई है। अक्टूबर 2026 में इस विभाग से 356 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में 300 करोड़ रुपये मिले थे। इस प्रकार 56 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हालांकि, आबकारी विभाग के राजस्व में मामूली कमी आई है। अक्टूबर 2026 में आबकारी से 4,495 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 4,508 करोड़ रुपये मिले थे। वहीं परिवहन विभाग से इस वर्ष 1,262 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 1,419 करोड़ रुपये था।
**अग्निवीरों की सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ाने के फैसले का स्वागत**
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो वर्ष की वृद्धि संबंधी निर्णय का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की प्रारंभिक नियुक्ति चार वर्ष के लिए की गई थी, जिसे अब दो वर्ष और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को नियमित सशस्त्र बलों में समायोजित किए जाने तथा शेष 75 प्रतिशत की सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ाने के फैसले को स्वागतयोग्य बताया।
श्री खन्ना ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम अग्निवीरों के भविष्य को अधिक सुदृढ़ बनाने और देश की सेवा में समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।






_page-0001.jpg)




















Comments