**जाति-क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशों से सावधान रहें कार्यकर्ता : योगी**
अन्य खबरे Sep 21, 2026 at 07:59 PM , 32मेरठ में सीएम योगी का शक्ति केंद्र संयोजकों को संदेश
**मेरठ, 21 सितंबर।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटने की कोशिशों से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के होते हैं। उन्हें जातीय दायरे में सीमित करना उनके योगदान को छोटा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि **“व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है”** तथा भाजपा का मूल भाव राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ अपनी विरासत पर गौरव करने की दिशा में आगे बढ़ने का काम किया है। काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे नए भारत की बदलती तस्वीर से जोड़ा।
योगी ने कहा कि मेरठ अब विकास, खेल और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी और सेमीकंडक्टर सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और परंपरागत उद्यमों के पुनर्जीवन से रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब ‘बीमारू’ राज्य के रूप में नहीं, बल्कि देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल राज्य के रूप में हो रही है। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये राष्ट्रनायक हैं और किसी एक जाति तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर का स्मारक बनाया गया है।
शक्ति केंद्र संयोजकों से उन्होंने प्रत्येक बूथ की समीक्षा, प्रभावी टीम के गठन और पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाने, मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने तथा बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति केंद्र जितने मजबूत होंगे, संगठन उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से **“राष्ट्र प्रथम”** के भाव के साथ पूरी सक्रियता से काम करने और संगठन के बूथ स्तर तक विस्तार को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।






_page-0001.jpg)




















Comments