राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित उत्तर प्रदेश के शिक्षकों को उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी हार्दिक बधाई

अन्य खबरे , 11

शिक्षकों की उपलब्धियां प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय 
                      श्र: श्री केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ : 05 सितम्बर, 2026

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश के  शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उप मुख्यमंत्री ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के प्रोफेसर आशुतोष मोहन जी, आईआईटी कानपुर के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर प्रसाद रथ जी, गाजियाबाद स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विजयनगर की डॉ. रेनू त्रिपाठी जी, बलिया के जगदीशपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक डॉ. इफ्तिखार खान जी तथा कौशाम्बी स्थित कम्पोजिट स्कूल रसूलाबाद, कोलाहा की शिक्षिका सुश्री शालिनी कुशवाहा जी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।

श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपने अथक परिश्रम, समर्पण, नवाचार, रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट कार्यकुशलता के माध्यम से सभी सम्मानित शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी उपलब्धि न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि देशभर के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि सुश्री शालिनी कुशवाहा जी ने तकनीक और रचनात्मकता के समन्वय से शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने की दिशा में अनुकरणीय कार्य किया है। उनके नवाचारी प्रयासों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई मिसाल कायम की है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, उनमें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन एवं नवाचार की भावना विकसित करने में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश के शिक्षकों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

श्री मौर्य ने सभी सम्मानित शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता एवं शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए  शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Comments

Back to Top