**अमृत सरोवरों पर गूंजेगा योग का संदेश, यूपी में 21 जून को सामूहिक योग और स्वच्छता अभियान की तैयारी**
जनपत की खबर Jun 13, 2026 at 04:50 PM , 18 **अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गांव-गांव होंगे कार्यक्रम, जनभागीदारी से जल संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का दिया जाएगा संदेश**
**लखनऊ, 13 जून 2026।** अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री **केशव प्रसाद मौर्य** ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 21 जून को अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक चेतना के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। योग दिवस पर यहां होने वाले कार्यक्रम स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग ने सभी जिलों को आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत अमृत सरोवर स्थलों पर सामूहिक योग सत्र और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों, स्वयं सहायता समूहों, पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, युवा समूहों, शिक्षण संस्थानों और जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
### **‘सरोवर संवाद’ के जरिए ग्रामीणों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी**
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों पर **‘सरोवर संवाद’** कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से ग्रामीणों को **वीबी-जी राम जी योजना** सहित ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।
ग्राम्य विकास आयुक्त **जी.एस. प्रियदर्शी** ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों की फोटो और गतिविधियों का विवरण **मिशन अमृत सरोवर पोर्टल** पर अपलोड किया जाए। साथ ही आयोजन पूरा होने के दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले ये आयोजन प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।































Comments