**PM मोदी की फ्रांस-स्लोवाकिया यात्रा आज से शुरू, रणनीतिक साझेदारी, नवाचार और G-7 में भारत की भूमिका पर रहेगा फोकस**
जनपत की खबर Jun 13, 2026 at 01:06 PM , 51**नई दिल्ली।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 18 जून 2026 तक फ्रांस और स्लोवाक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा का उद्देश्य यूरोप के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री ने प्रस्थान से पहले जारी अपने वक्तव्य में कहा कि फ्रांस भारत की रणनीतिक दृष्टि में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया है। नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ होने वाली बैठक में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी।
### **'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे पीएम**
प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय स्टार्टअप्स, उच्च शिक्षा संस्थानों और वैश्विक निवेशकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
### **स्लोवाकिया की ऐतिहासिक यात्रा**
फ्रांस के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14-15 जून को स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी।
ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान व्यापार, निवेश और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।
### **G-7 शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी**
स्लोवाकिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 जून को एवियां में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह लगातार आठवां अवसर होगा जब भारत को जी-7 बैठक में आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-7 में भारत वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती से रखेगा और विश्व के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेगा।
### **VivaTech 2026 में भारत की तकनीकी ताकत का प्रदर्शन**
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 18 जून को पेरिस में आयोजित VivaTech 2026 में हिस्सा लेंगे। इस आयोजन में भारत का राष्ट्रीय मंडप सबसे बड़ा होगा, जो भारतीय और यूरोपीय नवाचार तंत्र के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाएगा।
प्रधानमंत्री पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि फ्रांस और स्लोवाक गणराज्य की यह यात्रा यूरोप और जी-7 देशों के साथ भारत के संबंधों को नई मजबूती देगी तथा वैश्विक स्तर पर सहयोग के नए अवसर खोलेगी।































Comments