वेतन न मिला तो 9 जून से जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे शिक्षक, प्रशासन को दी चेतावनी
जनपत की खबर Jun 06, 2026 at 09:25 PM , 18मई 2026 का वेतन भुगतान न होने से शिक्षकों में भारी नाराजगी, 8 जून तक वेतन जारी करने की मांग।
लखनऊ। जनपद लखनऊ के परिषदीय शिक्षकों ने माह मई-2026 का वेतन भुगतान लंबित रहने पर जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए 9 जून से जनगणना एवं अन्य विभागीय कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों ने तत्काल वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
शिक्षकों का कहना है कि वे वर्तमान में वर्ष 2027 की जनगणना सहित विभिन्न शासकीय एवं प्रशासनिक दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मई माह का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। इससे शिक्षक समुदाय में गहरा असंतोष और चिंता का माहौल है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही कार्यप्रणाली से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि लंबित वेतन का भुगतान कब तक किया जाएगा। शिक्षकों ने यह भी कहा है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन प्रशासन के पास स्वयं इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं है कि कितने शिक्षकों ने अपनी ड्यूटी ज्वाइन की है। इसे प्रशासनिक समन्वय की गंभीर कमी बताया गया है।
शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 8 जून 2026 तक जनपद के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का मई माह का वेतन निर्गत नहीं किया जाता है, तो वे 9 जून 2026 से जनगणना कार्य सहित अन्य विभागीय दायित्वों का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि शिक्षकों के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो और अनावश्यक टकराव की स्थिति से बचा जा सके।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि वे शासन एवं प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करते हैं, लेकिन समय पर वेतन भुगतान उनका वैधानिक अधिकार है। यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।































Comments