मनरेगा बचाओ संग्राम: विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, कई नेता हिरासत में

अन्य खबरे , 80

लखनऊ, 17 फरवरी 2026।
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत विधानसभा घेराव के लिए प्रदेशभर से राजधानी लखनऊ पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी झड़प हुई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से कई नेता व कार्यकर्ता घायल हो गए। बाद में प्रदेश प्रभारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल ईको गार्डेन भेज दिया गया।
कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। प्रशासन द्वारा पूर्व में ही नोटिस जारी कर कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया गया था। कई कार्यकर्ताओं को उनके घरों में नजरबंद भी किया गया, बावजूद इसके हजारों की संख्या में कार्यकर्ता राजधानी पहुंचने में सफल रहे।
राजधानी में कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया और विधानसभा की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहित कई नेता घायल हो गए।
प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि मनरेगा केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार स्तंभ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि कोरोना काल में मनरेगा ने लाखों प्रवासी मजदूरों को रोजगार देकर राहत प्रदान की थी और यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाली योजना रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि दमन और लाठीचार्ज से कांग्रेस कार्यकर्ता न तो डरेंगे, न झुकेंगे और न रुकेंगे।
विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से महिलाओं को गांव में सम्मानजनक रोजगार मिलता था। उनका आरोप था कि योजना को कमजोर कर सरकार ने महिला विरोधी सोच उजागर की है।
प्रदर्शन में राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, सांसद के.एल. शर्मा, विधायक वीरेन्द्र चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रशासन ने प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर बसों से ईको गार्डेन भेज दिया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मनरेगा और मजदूरों के बकाया भुगतान से जुड़े मुद्दों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top