दो साल बनाम पाँच साल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को दिया करारा जवाब : अविनाश गहलोत

अन्य खबरे , 89

जयपुर, 05 फरवरी।
राजस्थान 16वीं विधानसभा के पंचम सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के बाद मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सदन में वर्तमान सरकार के दो वर्षों के कार्यों की तुलना पूर्ववर्ती सरकार के पाँच वर्षों के कार्यकाल से करते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत कर विपक्ष की बोलती बंद कर दी है।
मंत्री श्री गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने तथ्यों और आंकड़ों के साथ सरकार की उपलब्धियां सदन के सामने रखीं और कांग्रेस नेताओं को खुले मंच पर बहस की चुनौती दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार के कार्यों का कोई ठोस जवाब नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है। सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाने की मानसिकता के कारण कांग्रेस की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है, जिसका खामियाजा पार्टी को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।
मंत्री श्री गहलोत ने वीबी-जी राम जी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार ने ग्रामीण रोजगार की अवधि 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दी है। साथ ही, इस योजना का बजट 85 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 96 हजार करोड़ रुपये किया गया है तथा इसमें तकनीकी सुधार भी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निरंतर विकास कार्य कर रही है और इसका सकारात्मक प्रभाव आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि पार्टी बार-बार एक ही मुद्दे को दोहराकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top