विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट है 2026-27 का आम बजट: पंकज चौधरी

अन्य खबरे , 143

लखनऊ, 01 फरवरी 2026।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट बताते हुए इसके लिए अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में संसद में प्रस्तुत यह आम बजट देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। केंद्रीय बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते उन्होंने कहा कि पूरी जिम्मेदारी के साथ यह कहा जा सकता है कि बजट 2026-27 भारत के आर्थिक विकास को नई गति देने, नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने, उनकी क्षमताओं को बढ़ाने, विकसित भारत के लिए दक्ष एवं पेशेवर युवाओं को तैयार करने तथा किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक सिद्ध होगा।
श्री चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल है, बल्कि भारत के संसदीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय भी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम बजट 2026 जन-आकांक्षाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को साकार करता यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, महिला, युवा और वंचित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान की मजबूत कड़ी है। यह बजट जन-जन की आत्मनिर्भरता के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि बजट में पूरे देश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोरों की घोषणा विकास की नई परिभाषा गढ़ने जा रही है। दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी मार्गों पर हाई-स्पीड रेल से कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिलेगी। बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधाओं की स्थापना तथा पांच वर्षों में पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री चौधरी ने कहा कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए किए गए प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास में सहायक होंगे। मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों को मजबूती देने के साथ-साथ नारियल, काजू और कोको जैसे कृषि-आधारित उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नया बल मिलेगा।
आयुष क्षेत्र पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की जाएगी। आयुर्वेद फार्मेसी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन के साथ जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को और सशक्त किया जाएगा, जिससे आयुर्वेद के क्षेत्र में एक नए युग का आरंभ होगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बायोफार्मा शक्ति योजना के माध्यम से भारत को वैश्विक जैव-फार्मा विनिर्माण हब बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। अत्याधुनिक तकनीक में आत्मनिर्भरता के लिए इंडिया सेमिकंडक्टर मिशन (ISM) 2.0 का शुभारंभ शीघ्र किया जाएगा। वहीं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के तहत परिव्यय बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपये किया गया है।
एमएसएमई, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित किए जाएंगे। बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक्स पर विशेष जोर देकर देश की आर्थिक गति को और तेज किया गया है।
अंत में श्री पंकज चौधरी ने कहा कि आम बजट 2026 न केवल वर्तमान चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए एक मजबूत आर्थिक आधार भी तैयार करता है। यह बजट खर्च आधारित नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार और स्थायी विकास की सोच को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top