2027 चुनाव से पहले यूपी में सियासी हलचल तेज: संजय निषाद का शक्ति प्रदर्शन, 5 अप्रैल को नोएडा में महासम्मेलन

जनपत की खबर , 70

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने अभी से ताकत दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दादरी में बड़ी रैली कर चुनावी माहौल को गर्माया, वहीं अब राज्य सरकार में मंत्री संजय निषाद भी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं।
संजय निषाद ने घोषणा की है कि 5 अप्रैल को भगवान महर्षि कश्यप की जयंती के अवसर पर नोएडा के इंडोर स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को ‘एकता महासम्मेलन’ के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
नोएडा में मीडिया से बातचीत करते हुए संजय निषाद ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडीए की जीत होगी। उन्होंने कहा कि जनता को किसी तरह का संशय नहीं होना चाहिए, क्योंकि सपा और कांग्रेस से निराश लोग भी अब एनडीए के साथ खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी है। उनके अनुसार, महर्षि कश्यप का जीवन समाज को समरसता, सेवा और एकजुटता का संदेश देता है, और उसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
संजय निषाद ने निषाद समाज से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह समय अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होने का है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने हक के लिए हर मंच पर आवाज उठाने को तैयार है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी ताकत का प्रदर्शन 5 अप्रैल को नोएडा में देखने को मिलेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top