1 अप्रैल से देशभर में जनगणना की शुरुआत, यूपी में दो चरणों में होगा सर्वे; पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल
जनपत की खबर Apr 02, 2026 at 03:01 PM , 99लखनऊ। देशभर में 1 अप्रैल से जनगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है और उत्तर प्रदेश में भी जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। इस बार जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
पहले चरण में मकानों का सूचीकरण और उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा। इस चरण के तहत 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपना डेटा दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक अधिकारी घर-घर जाकर फील्ड सर्वे पूरा करेंगे।
दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसमें जातिगत गणना भी शामिल होगी। यह पहली बार होगा जब जनगणना पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आयोजित की जाएगी। डेटा संग्रह, एंट्री, सत्यापन और निगरानी जैसे सभी कार्य ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे।
इस बार की जनगणना कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। पहली बार इसमें मिलिट्री-ग्रेड सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही, लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे जोड़ों को भी विवाहित जोड़ों की तरह दर्ज किया जाएगा।
पहले चरण में मकान संबंधी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी, जिसके लिए नागरिकों से 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत की सामग्री), उपयोग, हालत, स्वामित्व, कमरों की संख्या, परिवार की जानकारी, जाति वर्ग, पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट, गैस कनेक्शन, वाहन और अन्य सुविधाओं से जुड़े सवाल शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश में इस कार्य के लिए छह लाख से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और सटीक जानकारी दें। गलत जानकारी देने या जानकारी देने से इनकार करने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।































Comments