अग्निवीरों को केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा, चार साल की सेवा अब छह साल की होगी

जनपत की खबर , 2

75 प्रतिशत अग्निवीरों को मिलेगा दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर, इसके बाद नियमित सैनिक बनने का भी मिलेगा मौका

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला किया है। अब चार साल की निर्धारित सेवा पूरी करने के बाद बाहर होने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर दिया जाएगा। इस फैसले के बाद उनकी कुल सेवा अवधि छह साल तक हो सकेगी। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

केंद्र सरकार के इस फैसले के तहत अग्निपथ योजना के अंतर्गत पहले से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा। वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि का अवसर दिया जाएगा।

सीडीएस के अनुसार, अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी करने के बाद इन अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होने का अवसर भी दिया जाएगा। हालांकि, इसके लिए उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानकों पर खरा उतरना अनिवार्य होगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय अग्निवीरों के पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन के सकारात्मक मूल्यांकन और सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अतिरिक्त सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता संबंधी लाभ भी दिए जाएंगे।

इस फैसले से उन अग्निवीरों को सेना में आगे सेवा जारी रखने का एक और अवसर मिलेगा, जिन्हें पहले चार साल बाद सेवा से मुक्त होना था। सरकार के इस कदम को अग्निवीरों के लिए रोजगार और सैन्य सेवा में आगे बढ़ने के नए अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top