यूपी में 16 घंटे ठप रहेंगी बिजली की ऑनलाइन सेवाएं, यूपीपीसीएल ने जारी किया अलर्ट

जनपत की खबर , 76

लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना जारी की गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने अपनी सभी ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है, जिससे प्रदेश के लाखों उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
यूपीपीसीएल के अनुसार, यह सेवाएं 16 घंटे के लिए बाधित रहेंगी। बंदी का समय 3 अप्रैल शाम 5 बजे से शुरू होकर 4 अप्रैल सुबह 9 बजे तक रहेगा। इस दौरान उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल ऐप और अन्य सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पूरी तरह से काम नहीं करेंगे।
कंपनी ने बताया कि यह निर्णय सिस्टम मेंटेनेंस और कंफीग्रेशन कार्यों के चलते लिया गया है। तकनीकी सुधार और सेवाओं को अधिक सुरक्षित व बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अपग्रेडेशन के बाद उपभोक्ताओं को पहले से तेज और सुगम सेवाएं मिलेंगी।
इस अवधि में उपभोक्ता न तो बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे और न ही नई सेवाओं के लिए आवेदन कर पाएंगे। इसके अलावा, शिकायत दर्ज करने, बिल डाउनलोड करने और अन्य डिजिटल सुविधाएं भी पूरी तरह ठप रहेंगी।
इस बंदी का असर यूपीपीसीएल के सभी डिस्कॉम पर पड़ेगा, जिनमें पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम और केस्को शामिल हैं।
यूपीपीसीएल ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान उपभोक्ता ऑफलाइन माध्यम से भी बिजली बिल जमा नहीं कर पाएंगे। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं की बिल भुगतान की अंतिम तिथि नजदीक है, उन्हें पहले ही भुगतान करने की सलाह दी गई है।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने जरूरी कार्य निपटा लें और सेवाएं बहाल होने के बाद ही किसी प्रकार का लेन-देन करें। साथ ही, किसी भी अफवाह से बचने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह मेंटेनेंस कार्य उपभोक्ताओं के हित में किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बिजली सेवाएं अधिक सुरक्षित, तेज और उपयोगकर्ता के अनुकूल बन सकें।

Related Articles

Comments

Back to Top