चार घंटे तक किसानों ने चक्का जाम किया
राष्ट्रीय Dec 08, 2020 at 05:23 PM , 578नई दिल्ली। केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों की ओर से बुलाए गए भारत बंद के दौरान मंगलवार को चार घंटे तक किसानों ने चक्का जाम किया और उसके बाद सड़कों से हट गए। किसान संगठनों के इस भारत बंद को देश की करीब 20 विपक्षी पार्टियों ने समर्थन दिया था और देश के 10 बड़े मजदूर संगठनों ने भी इसे समर्थन देने के साथ साथ इसमें सक्रिय भागीदारी की थी। देश के करीब चार सौ किसान संगठन इस बंद में शामिल थे। किसानों ने 11 बजे दिन से लेकर तीन बजे तक चक्का जाम किया और उसके बाद अपने वादे के मुताबिक तीन बजे सड़कों से हट गए।
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में बंद का व्यापक असर दिखा। किसान संगठनों ने कहीं भी जोर-जबरदस्ती बंद का प्रयास नहीं किया। राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में बाजार खुले रहे परंतु कारोबारियों ने किसानों के बंद का समर्थन किया। दिल्ली के कई बाजारों में कारोबारियों ने बांह पर काला रिबन बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि अनेक कारोबारी संगठनों ने आधिकारिक रूप से किसानों के बंद का विरोध किया था।
पंजाब में किसान एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए, जिससे रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हुए। पंजाब और हरियाणा में किसानों के प्रदर्शन की वजह से राजमार्ग बंद रहे और गाड़ियों की आवाजाही लगभग पूरी तरह से ठप्प रही। दिल्ली की सीमा के पास भी सब कुछ बंद रहा। हालांकि दिल्ली मे ज्यादातर बाजार खुले हुए थे। भारत बंद को सफल बनाने के लिए मंगलवार को पंजाब और हरियाणा से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से दिल्ली की सीमा पर सिंघू बॉर्डर पहुंचे। किसानों के नए जत्थे के पहुंचने से आंदोलन में नया जोश आया।
ऑल इंडिया किसान संघर्ष कोऑर्डिनेशन कमिटी के बैनर तले बुलाए गए भारत बंद में देश भर के चार सौ से ज्यादा किसान संगठन शामिल हुए। सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस सहित दर्जन करीब 20 पार्टियों ने बंद का समर्थन किया। बंद में शामिल अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्ला ने कहा कि भारत बंद किसानों की ताकत दिखाने का एक जरिया है और उनकी जायज मांगों को देश भर के लोगों का समर्थन मिला है। मोल्ला ने कहा- हम तीनों कानूनों की पूरी तरह वापसी की अपनी मांग पर अडिग हैं और मामूली संशोधनों पर राजी नहीं होंगे। इन कानूनों की प्रकृति ऐसी है कि संशोधनों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
भारत बंद की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की दोनों बड़ी मंडियों में कामकाज बंद रहा। आजादपुर मंडी के एपीएमसी अध्यक्ष आदिल खान ने कहा कि मंडी लगभग बंद है। उन्होंने कहा- कई थोक व्यापारी संघों ने भारत बंद का समर्थन दिया है। सब्जियों और फलों से लदे कुछ ट्रक आए, लेकिन वहां कोई काम नहीं किया जा रहा है। गाजीपुर मंडी के एपीएमसी अध्यक्ष एसपी गुप्ता ने बताया कि बाजार खुला है लेकिन कई व्यापारियों ने हड़ताल के समर्थन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापार बहुत कम है क्योंकि वहां कोई ग्राहक नहीं है।






_page-0001.jpg)






















Comments