*ग्रेटर नोएडा 67 साल की बुजुर्ग महिला ने होम क्वारंटीन में कोरोना को दी मात, जज्बे को सलाम -*

हेडलाइंस , 255

नोयडा।

अस्पताल, ऑक्सीजन और बेड की मारामारी को देखते हुए घर पर रहकर इलाज करने का निर्णय लिया
महिला के परिवार के 10 सदस्य कोरोना पॉजिटिव हैं और घर पर ही इलाज करा रहे हैं

अब महिला का ऑक्सीजन लेवल 96 है और वह संक्रमण से मुक्त हैं
कोरोना संक्रमण के इस भयावह दौर में जब हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, ग्रेटर नोएडा से एक अच्छी खबर आई है। जिले के चौगानपुर की रहने वाली 67 साल की विमला देवी ने डॉक्टरों की सलाह पर होम क्वारंटीन में इलाज और एहतियात बरतते हुए कोरोना को मात दी। अब वह कोरोना से मुक्त हैं और उनका ऑक्सीजन लेवल 96 है। हालांकि उनके पति का ऑक्सीजन लेवल काफी कम होने से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

नॉलेज पार्क-5 क्षेत्र के ग्राम चौगानपुर के रहने वाले डॉ दीपक शर्मा ने बताया कि 2 अप्रैल को उनको और उनकी बहन नील कमल शर्मा को बुखार आया। तीन अप्रैल को उनके पिता राजेन्द्र प्रसाद शर्मा को बुखार आ गया। धीरे-धीरे करके घर में 10 लोग कोरोना की चपेट में आ गए। डॉ दीपक शर्मा ने बताया कि सभी लोगों ने डॉक्टर से परामर्श लेकर घर पर उपचार शुरू कर दिया। 72 साल के पिता राजेन्द्र प्रसाद का ऑक्सीजन लेवल तेजी से कम होने लगा तो उन्हें यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।

*परामर्श को जिंदगी में उतारा*

डॉ दीपक शर्मा ने बताया कि अस्पतालों में बेड मिलने में दिक्कत को देखकर मां विमला देवी ने घर पर ही रहने का फैसला लिया। घर पर उनका ऑक्सीजन लेवल 87 पर पहुंच गया। डॉक्टरों की सलाह पर इलाज चल रहा था। वह थॉयराइड, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं दिल की मरीज भी हैं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। परिवार के लोगों ने पूरा ध्यान रखा। दवा, व्यायाम और भोजन नियमित व समय पर दिया।

*इस तरह से ऑक्सीजन लेवल बढ़ाया*

विमला देवी ने नियमित रूप से दिन में तीन बार भाप लेना शुरू किया। दिन में 3 से 4 बार पेट के बल लेटकर अपना ऑक्सीजन लेवल बढ़ाने की कोशिश की। भूख न होने के बावजूद भोजन करने का प्रयास किया। खिचड़ी या दलिया खाना शुरू किया। डॉक्टरों की सलाह पर मल्टी विटामिन, विटामिन-सी की गोलियां खाने लगीं। दिन में 8 से 10 कप ग्रीन टी या गरम पानी पिया। इसके साथ ही दिनभर आराम करती रहतीं।

*एक्सरसाइज पर जोर रहा*

फेफड़ों की छमता बढ़ाने के लिए उन्होंने एक्सरसाइज शुरू किया। यह काम दिन में तीन बार नियमित रूप से किया। इन सबके अच्छे परिणाम आए। 67 साल की विमला देवी ने अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति से कोरोना बीमारी को घर पर ही रहकर मात दे दी। उनका ऑक्सीजन लेवल 96 है। डॉक्टरों ने भी उन्हें पूरी तरह स्वस्थ बताया है। फिलहाल वह घर पर हैं। परिवार के अन्य सदस्यों का उपचार चल रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top