अयोध्या में दीपोत्सव-2026 में 26,50,101 दीयों का प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य
जनपत की खबर Sep 23, 2026 at 09:25 PM , 16पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने दीपोत्सव कार्यक्रम को अलौकिक एवं भव्य ढंग से आयोजित करने के दिये निर्देश
जयवीर सिंह ने दीपोत्सव-2026 के दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की
लखनऊः 23 सितम्बर, 2026
आगामी दीपावली के अवसर पर अयोध्याधाम में दीपोत्सव के दौरान 26,50,101 दीयों का प्रज्ज्वलन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी प्राप्ति के लिए राम की पैड़ी, लक्ष्मण किला घाट, चौधरी चरण सिंह घाट एवं भजन संध्या स्थल घाट सहित कुल 56 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की कार्ययोजना तैयार की गयी है। दीप प्रज्ज्वलन का कार्य 35,000 वालंटियर्स द्वारा किया जायेगा। दीपोत्सव के लिए गिनीज बुक विश्व रिकार्ड बनाया जाता था लेकिन अबकी बार अयोध्या दीपोत्सव रिकार्ड के नाम से जाना जायेगा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर ंिसंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि दीपोत्सव-2026 का आयोजन भव्य व अलौकिक ढंग से किया जाना चाहिए।
श्री जयवीर सिंह बुधवार को पर्यटन भवन गोमती नगर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आहूत बैठक की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा अयोध्या में कराये जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। इसके अलावा दीपोत्सव क्षेत्र की निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लोकार्पण/शिलान्यास की जाने वाली परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव एक अति महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही को बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राम की पैड़ी मंच से ड्रोन लाइट शो का आयोजन किया जायेगा। सरयू आरती स्थल स्थित मंच से ग्रीन फायर शो का भी व्यवस्था की गयी है। रामकथा पार्क में विभिन्न देशों एवं अन्य प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। 240 से अधिक प्रमुख मंदिर मठों द्वारा स्वयं से दीप प्रज्ज्वलित कराये जायेगे एवं लाइटिंग व्यवस्था तीर्थ विकास परिषद अयोध्या के माध्यम से की जायेगी। इसके अलावा जनपद के प्रमुख 25 चौराहों पर उद्योग एवं व्यापार संगठनों द्वारा दीप जलाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की अपेक्षा के अनुसार आगन्तुकों एवं आमंत्रित सदस्यों की सूची तैयार किया जाये तथा राष्ट्राध्यक्षों को भी आमंत्रित किया जाये।
बैठक मंे बताया गया कि दीपोत्सव-2026 में दीया एवं सरसों के तेल की आपूर्ति, विभिन्न सामग्रियों की आपूर्ति जैसे टी-शर्ट, कैप, कपूर, पेंट आदि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्वयं सेवकों के भोजन आपूर्ति आदि एवं विभिन्न मंदिरों, मठों एवं प्रमुख स्थानों पर लाइटिंग का कार्य एवं इवेन्ट मैनेजमेंट का कार्य हेतु 06 करोड़ 75 लाख रूपये की अनुमानित धनराशि व्यय होने की संभावना है। संस्कृति विभाग द्वारा दीपोत्सव के स्थल पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें आईसीसीआर अथवा अन्य स्रोतों के माध्यम से विदेशी रामलीला दलों जैसे इण्डोनेशिया, थाइलैण्ड, रूस, नेपाल एवं श्रीलंका द्वारा रामकथा पार्क में रामलीला का आयोजन किया जायेगा। अयोध्या धाम के विभिन्न स्थलों जैसे गुप्तार घाट, बड़ीदेवी काली, हनुमान गुफा, बिरला धर्मशाला, भरतकुण्ड, तुलसी उद्यान आदि स्थलों पर प्रदेश के लोक कलाकारों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेगी।
विभिन्न प्रदेशों जैसे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, बिहार, आन्ध्रप्रदेश, महाराष्ट्र के लगभग 1000 लोक कलाकारों के माध्यम से सांस्कृति शोभायात्रा का आयोजन होगा। शोभायात्रा के दौरान रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर झांकी तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। सूचना विभाग द्वारा दीपोत्सव-2026 में साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क भव्य झांकियों की व्यवस्था की जायेगी। इसके अतिरिक्त ब्राण्डिंग, आमंत्रण कार्ड, होर्डिंग, यूनीपोल, रूफटॉप, एलईडी वैन तथा प्रचार की व्यवस्था के अलावा मीडिया सेंटर की स्थापना तथा मीडिया हेतु कंट्रोल रूम में इण्टरनेट की व्यवस्था आदि की जिम्मेदारी दी गयी है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य निदेशक संस्कृति श्री संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव दीपा रंजन तथा पर्यटन सलाहकार श्री जे0पी0 सिंह के अलावा पर्यटन व संस्कृति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।






_page-0001.jpg)
























Comments