बाल अधिकारों और विधिक सेवाओं को लेकर छात्रों को किया जागरूक

जनपत की खबर , 16

**राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज में 54 विद्यार्थियों ने लिया भाग, POCSO, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी**
 
**लखनऊ, 18 सितंबर 2026।** जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज में बाल अधिकार, बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रभारी सचिव शोभा भाटी के निर्देशन में किया गया।
 
कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक दयाराम मौर्य ने विद्यार्थियों को उनके विधिक एवं संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की **‘बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए योजना’** के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया।
 
### बाल संरक्षण कानूनों की दी जानकारी
 
विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार, बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन), बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), किशोर न्याय अधिनियम सहित साइबर सुरक्षा और **गुड टच-बैड टच** जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही बाल हेल्पलाइन **1098** तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।
 
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा, उत्पीड़न, भेदभाव अथवा अन्य विधिक समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
 
### विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
 
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न कानूनी विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने उनके प्रश्नों का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा समाज में विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।
 
कार्यक्रम में पीईएस सौरभ प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य रेणू मिश्रा, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कुल **54 विद्यार्थियों** ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Comments

Back to Top