मलिहाबादी दशहरी आम के निर्यात को मिलेगा बढ़ावा, लखनऊ में बनेगा निर्यात क्लस्टर

जनपत की खबर , 21

**मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने दिए निर्देश, दशहरी आम को ओडीओपी में शामिल करने की होगी पहल; उन्नाव में पैक हाउस निर्माण में तेजी लाने पर जोर**
 
**लखनऊ, 18 सितंबर 2026।** उत्तर प्रदेश से कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ मंडल में आम निर्यात क्लस्टर गठित करने की पहल की जाएगी। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने कृषि निर्यात निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने मलिहाबादी दशहरी आम, जो जीआई उत्पाद है, को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में शामिल कराने के लिए एमएसएमई विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा।
 
मंडलायुक्त ने आम उत्पादकों को निर्यात योग्य गुणवत्ता वाले आमों के उत्पादन के लिए प्रशिक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने तथा सफल निर्यात की कहानियों के माध्यम से उत्पादकों और अन्य हितधारकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
 
## कीटनाशक अवशेषों के मानकों का पालन जरूरी
 
बैठक में आयातक देशों के निर्धारित मानकों के अनुरूप कीटनाशक अवशेष (पेस्टीसाइड रेजीड्यू) की सीमा का अनुपालन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने कृषि उत्पादकों को एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए, ताकि निर्यात गुणवत्ता में सुधार हो सके और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आम की स्वीकार्यता बढ़ाई जा सके।
 
उन्होंने उन्नाव में पैक हाउस निर्माण की कार्यवाही में तेजी लाने को भी कहा।
 
## एयरपोर्ट पर पर्याप्त जगह की समस्या उठी
 
बैठक में मौजूद निर्यातकों ने लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ानों में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होने की समस्या मंडलायुक्त के सामने रखी। इस पर उन्होंने संबंधित एयरलाइंस के साथ वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
 
## अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किया मंथन
 
बैठक का संचालन सहायक विपणन अधिकारी संजय कुमार ने किया। इसमें मंडी परिषद के उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) रामजी मिश्र, संयुक्त कृषि निदेशक अजय कृष्ण, उप निदेशक उद्यान देवेश वर्मा, एपीडा के एसोसिएट आलोक मिश्रा, पीक्यूएस लखनऊ के प्रदीप चिब सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 
इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार दुबे, पशुपालन विभाग के अपर निदेशक डॉ. अजय कुमार कनौजिया, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार पांडेय तथा मत्स्य विभाग की उप निदेशक सृष्टि यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
 
बैठक में लखनऊ मंडल से कृषि निर्यात बढ़ाने, आम उत्पादकों को प्रशिक्षित करने और निर्यात संबंधी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top