जिला कारागार लखनऊ में विधिक सहायता डेस्क का शुभारंभ, महिला बंदियों को बांटे गए चश्मे
जनपत की खबर May 15, 2026 at 08:12 PM , 26लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के वर्ष 2026-27 के एक्शन प्लान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ ने गुरुवार को जिला कारागार में विशेष निरीक्षण और जनसहायता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश श्री मलखान सिंह के निर्देश पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने जिला कारागार का निरीक्षण किया और बंदियों के परिजनों की सहायता के लिए कारागार परिसर के बाहर स्थापित लीगल हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बंदियों के परिजनों को निःशुल्क विधिक परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई, जिससे जरूरतमंद लोगों को त्वरित कानूनी सहायता मिल सके।
सामाजिक सरोकार निभाते हुए ‘आल इंडिया पयाम-ए-इंसानियत फोरम’ की ओर से बंदियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए एक वाटर कूलर उपलब्ध कराया गया। साथ ही महिला बंदियों के लिए नजर के 30 चश्मे भी प्रदान किए गए। सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने वाटर कूलर एवं लीगल हेल्प डेस्क का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस मौके पर जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल, जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, जेलर राजेश कुमार, जेलर सुनील दत्त मिश्रा, जेलर अभय शुक्ला, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, फोरम के सदस्य तथा बंदियों के परिजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कारागार स्थित महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया तथा जरूरतमंद महिला बंदियों को नजर के 30 चश्मों का वितरण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल को बंदियों और उनके परिजनों के लिए राहत एवं सहूलियत प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
































Comments