अलीगढ़ में होली के बहाने घर में घुसे बदमाश, दंपती को बंधक बनाकर दिनदहाड़े लूट
जनपत की खबर Mar 04, 2026 at 06:40 PM , 141अलीगढ़।
अलीगढ़ में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके में बुधवार दोपहर चार बदमाश होली मिलने के बहाने एक स्क्रैप कारोबारी के घर में घुस गए। तमंचे और चाकू के बल पर दंपती को बंधक बनाकर बदमाश घर में रखे जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार हाथरस वाला पेंज निवासी विनोद कुमार अपनी पत्नी के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया और होली मिलने की बात कही। जैसे ही विनोद कुमार गेट पर पहुंचे, एक आरोपी ने धक्का देकर अंदर प्रवेश कर लिया। उसके पीछे तीन अन्य साथी भी घर में घुस आए।
घर में घुसते ही बदमाशों ने तमंचा और चाकू निकालकर दंपती को धमकाया। विरोध करने पर हाथापाई की गई और दोनों को एक कमरे में बंधक बना दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखी नकदी, जेवरात, महिला के कंगन, दो मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान समेट लिया। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि चारों बदमाशों के चेहरे पर रंग लगा हुआ था। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें आरोपी गली में आते-जाते नजर आ रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी व सीओ प्रथम मयंक पाठक पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।































Comments