सीएम के सलाहकार पद पर अवनीश कुमार अवस्थी का कार्यकाल एक वर्ष और बढ़ा, 28 फरवरी 2027 तक रहेंगे तैनात
जनपत की खबर Feb 27, 2026 at 02:20 PM , 67लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने मुख्यमंत्री के प्रशासनिक कार्यों में सलाह देने हेतु सृजित अस्थायी नि:संवर्गीय पद पर तैनात सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी का कार्यकाल पुनः एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। अब वे 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 तक सलाहकार, मुख्यमंत्री के पद पर यथावत कार्यरत रहेंगे।
नियुक्ति अनुभाग-1, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह पद मूल रूप से कार्यालय ज्ञाप संख्या 1/214806/2022, दिनांक 16 सितंबर 2022 के माध्यम से सृजित किया गया था। इसकी निरंतरता अंतिम बार 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक बढ़ाई गई थी। अब शासन ने पुनः इसकी अवधि में एक वर्ष का विस्तार कर दिया है।
आदेश में उल्लेख है कि उक्त पद पर श्री अवस्थी को यथावत तैनात रखने की सहर्ष स्वीकृति राज्यपाल द्वारा प्रदान की गई है। यह आदेश वित्त विभाग की अशासकीय पंजी संख्या E-5-205-X-2025-26, दिनांक 20 फरवरी 2026 के माध्यम से प्राप्त सहमति के क्रम में जारी किया गया है।
गौरतलब है कि यह पद अस्थायी एवं नि:संवर्गीय है, जिसे मुख्यमंत्री को प्रशासनिक मामलों में परामर्श प्रदान करने के उद्देश्य से सृजित किया गया था। शासन के इस निर्णय से प्रशासनिक स्तर पर निरंतरता बनाए रखने की मंशा स्पष्ट होती है।































Comments