PWD ने अत्यधिक कम दरों वाली निविदाओं पर मांगे सुझाव, 28 फरवरी तक ई-मेल से आमंत्रण

अन्य खबरे , 95

लखनऊ, 14 फरवरी 2026। लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश (PWD) ने विभागीय परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अत्यधिक कम दरों पर प्राप्त होने वाली निविदाओं (टेंडर) के निस्तारण हेतु प्रक्रिया निर्धारण पर सुझाव आमंत्रित किए हैं।
विभाग द्वारा इस संबंध में एक विस्तृत कॉन्सेप्ट नोट तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य ऐसी निविदाओं के मूल्यांकन और निस्तारण के लिए पारदर्शी, व्यावहारिक और उत्तरदायी प्रणाली विकसित करना है।

क्यों जरूरी है यह पहल?
विभाग का मानना है कि कई बार अत्यधिक कम दरों पर प्राप्त निविदाएं कार्य की गुणवत्ता, समय-सीमा और अनुबंधीय दायित्वों के निर्वहन को प्रभावित कर सकती हैं। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
इसी परिप्रेक्ष्य में PWD ने व्यापक परामर्श की प्रक्रिया शुरू की है, ताकि निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

28 फरवरी तक भेजें सुझाव
प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, तकनीकी विशेषज्ञों, ठेकेदारों, संस्थानों और अन्य संबंधित हितधारकों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपने सुझाव 28 फरवरी 2026 तक ई-मेल hqpwdconceptnote@gmail.com पर प्रेषित कर सकती हैं।
स्पष्ट किया गया है कि केवल ई-मेल के माध्यम से प्राप्त सुझावों पर ही विचार किया जाएगा।

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
विभाग को उम्मीद है कि प्राप्त सुझावों के आधार पर एक प्रभावी एवं व्यवहारिक प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी, जिससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
यह पहल उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने और सार्वजनिक निर्माण कार्यों की निगरानी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top