आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन करें पार्टी पदाधिकारी एवं उनके समर्थक- प्रेक्षक।

जनपत की खबर , 321

श्रावस्ती। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक विधानसभा क्षेत्र 289-भिनगा डा0 पी0 भास्कर आई0ए0एस0, विधानसभा क्षेत्र 290-श्रावस्ती हेतु नियुक्त सिद्धार्थ मिश्रा आई0ए0एस0, जनपद श्रावस्ती हेतु दोनो विधान सभाओं हेतु नियुक्त माननीय व्यय प्रेक्षक सत्य प्रकाश सिंह आई0आर0एस0 एवं माननीय पुलिस प्रेक्षक डा0 राजेन्द्र माने की उपस्थिति में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों/निर्दलीय फाइनल उम्मीवारों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मा0 प्रेक्षकगणों ने समस्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन करने की अपील की है। 
         बैठक में सामान्य प्रेक्षक 289-भिनगा ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत निर्वाचन को सकुशल, शान्तिपूर्ण एवं व्यस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से समस्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये दिशा-निर्देश के अनुसार टीम भावना के साथ कार्य करके निर्वाचन को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करायें। कोई भी ऐसा कार्य कदापि न किया जाए, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो। उन्होने कहा कि कोविड-19 के नये वैरियंट ओमिक्रोन को देखते हुए कोविड प्रोटोकाल का पालन करने हेतु लोगों को जागरूक भी किया जाए, तथा सभी मतदान केन्द्रों पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप मतदाताओं हेतु अन्य आधारभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं, ताकि मतदाताओं को अपने मताधिकारी का प्रयोग करने में कोई दिक्कत न होने पावे। यदि कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते पाया जाए तो उनके विरूद्ध भी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
           सामान्य प्रेक्षक विधानसभा क्षेत्र 290-श्रावस्ती ने कहा कि किसी भी दशा में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों अथवा उनके समर्थकों द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते पाया गया तो उनके खिलाफ आयोग द्वारा निर्धारित विधिक कार्यवाही की जाएगी। इसलिए सभी प्रत्याशियों द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होने बताया कि रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली आदि का आयोजन किसी भी व्यक्ति विशेष या किसी भी राजनीतिक दलों द्वारा बिना अनुमति के नहीं किया जायेगा। अन्यथा संबंधित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। हाउस टू हाउस प्रचार के दौरान अधिक संख्या में भीड़ एकत्रित नहीं होनी चाहिए। बिना अनुमति प्रचार वाहनों का संचालन न किया जाए। प्रचार प्रसार संबंधी विज्ञापन का प्रकाशन कराने से पूर्व उसकी अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें, अनुमति न लेने की दशा में संबंधित व्यक्ति तथा प्रकाशन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। बैनर, पंपलेट, झंडे तथा सोशल मीडिया पर आडियो, वीडियो विजुअल के लिए अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है।
        जनपद श्रावस्ती हेतु नियुक्त माननीय व्यय प्रेक्षक ने सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्याशियों की अधिकतम निर्वाचन व्यय सीमा 40 लाख रूपया निर्धारित किया गया है तथा 10 हजार से ऊपर के व्यय की समस्त धनराशि का भुगतान चेक के माध्यम से किया जायेगा।
         व्यय प्रेक्षक ने बताया कि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा निर्वाचन हेतु वाहन की अनुमति सम्बन्धित आर0ओ0 से लेनी होगी तथा उसकी प्रति गाड़ी के अगले शीशे पर चस्पा करना होगा। रैली, जुलुस, सार्वजनिक की अनुमति भी सम्बन्धित आर0ओ0 से अभ्यर्थियों को लेनी होगी तथा आर0ओ0 द्वारा उस रैली की अनुमति की प्रति सम्बन्धित वीडियो अवलोकन टीम को दिया जायेगा। अभ्यर्थियों द्वारा निर्वाचन के प्रचार में प्रयोग में होने वाले पोस्ट, हैण्डबिल, बैनर आदि के मुद्रण के सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी को सूचना देना होगा तथा प्रकाशक एवं मुद्रक द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली आवश्यक घोषणा पत्र उपलब्ध कराना होगा। उन्होने बताया कि वीडियो निगरानी टीम द्वारा निर्वाचन क्षेत्रो में महत्वपूर्ण घटनाओं सार्वजनिक रैलियों, जुलुस आदि की वीडियोग्राफी की जायेगी। वीडियोग्राफी के दौरान वहॉ पर लगायी कुर्सिया, टेन्ट फर्नीचर, व्यक्तियों की संख्या, ध्वनि विस्तारक यंत्र सहित वाहनों की संख्या सहित एक-एक बिन्दु की रिकार्डिंग करेगी तथा रिटर्निग आफिसर को उसकी सी0डी0 उपलब्ध करायेगी।
       पुलिस प्रेक्षक ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों को गम्भीरता से लेने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होने निर्देश दिया कि बिना अनुमति के होर्डिंग, बैनर आदि नही लगाये जायेंगे। उन्होने पोस्टल बैलेट फर्नीचर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था के बारे में सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक संपत्ति अथवा निजी सम्पत्तियों पर किसी भी प्रकार के विज्ञापन, पोस्टर व बैनर आदि लगाने से पहले संबंधित अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के पोस्टर, बैनर आदि लगाने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। निजी स्थानों एवं सरकारी सार्वजनिक भवनों की दीवारों पर बिना अनुमति के पोस्टर व बैनर आदि नही लगाए जायेंगे। किसी पार्टी या दल व व्यक्ति को इन पर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाना मना है। उन्होने कहा कि सार्वजनिक संपति पर पोस्टर व पैम्पलेट आदि लागाने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्यवाही की जाएगी।
      बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु अब तक किये गये निर्वाचन कार्यों के प्रगति की जानकारी दी। उन्होने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निरन्तर राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों एवं गाइडलाइनों का अक्षरशः पालन करने हेतु पूर्व में बताया जा चुका है। उन्होने बताया कि जिले में शत-प्रतिशत मतदाताओं को मतदान करने हेतु प्रेरित करने के लिए प्रभारी अधिकारी स्वीप/मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अगुवाई में विविध कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि जिले में फ्लांइग स्क्वायड, स्टैटिक सर्विलांस एंव वीडियो निगरानी टीमों द्वारा पूरी चौकसी कर निगरानी की जा रही है और आदर्श आचार संहिता का कडाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है, अर्न्तराष्ट्रीय एंव बार्डर क्षेत्रों में विशेष निगरानी बरती जा रही है। उन्होने मा0 प्रेक्षकगणों को आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप एवं दिये गये निर्देशों का जिले में अक्षरशः पालन कर निर्वाचन को सम्पन्न कराया जायेगा।  
      
      पुलिस अधीक्षक ने प्रेक्षकगणों को अवगत कराते हुए बताया कि जिले में अराजक तत्वों पर कडी निगरानी रखने केे लिये टीमों का गठन किया गया है जो अपने-अपने क्षेत्रों मुस्तैदी से पैनी नजर रखे हुए है यदि कोई व्यक्ति मतदाताओं को प्रलोभन देकर या डरा धमका कर किसी पार्टी विशेष के पक्ष में मतदान करने हेतु प्रेरित करता पाया गया तो उनके खिलाफ कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये है। उन्होने बताया कि जिले में पुलिस एवं पैरा मिलिट्री फोर्स द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को भयमुक्त वातावरण में मतदान हेतु प्रेरित भी किया जा रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय बार्डर क्षेत्र पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष निगरानी की जा रही है।
     बैठक समाप्ति पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने  प्रेक्षकगणों को बैठक में उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
     इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक केशव चन्द्र गोस्वामी, उपजिलाधिकारी आशुतोष, वरिष्ठ कोषाधिकारी गिरीश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी छोटेलाल, राजनैतिक दलों के पदाधिकारी क्रमशः भाजपा के जिला मंत्री अनिल मिश्रा, बहुजन समाज पार्टी के श्रवण कुमार पासी, राष्ट्रीय लोक दल के राजकुमार ओझा, समाजवादी पार्टी के सर्वजीत यादव, कांग्रेस के यशोदा नन्दन शर्मा, मोहम्मद अहमद सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top