राम मंदिर के भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या जाएंगे
हेडलाइंस Jul 24, 2020 at 06:46 PM , 335लखनऊ ! श्रीराम जन्मभूमि पर प्रस्तावित मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अयोध्या जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित करने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी शनिवार को दोपहर एक बजे अयोध्या जाएंगे। वह भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वह श्रीराम जन्मभूमि क्षेत्र तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारियों और संतों से भी मुलाकात करेंगे।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ श्रेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के नए मॉडल पर मुहर लगा दी है। श्रीराम मंदिर के वैराट्य और भव्यता में चार चांद लगाने वाले नए मॉडल पर ट्रस्ट की मुहर लगने के बाद रामनगरी में भूमिपूजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। सरकार के मुखिया के तौर पर योगी आदित्यनाथ भूमिपूजन की तैयारियों की नियमित तौर पर बारीकी से समीक्षा कर रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने शासन के अधिकारियों और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ अयोध्या के विकास को लेकर बैठक की थी।कोरोना आपदा के कारण श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन का भव्य आयोजन प्रशासनिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होगा। भूमि पूजन समारोह की भव्यता में कोई कोर कसर न रह जाए, यह सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौके पर जाकर तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। अयोध्या का विकास सीएम योगी की शीर्ष प्राथमिकताओं में है, इसलिए माना जा रहा है कि भूमि पूजन समारोह की तैयारियों से इतर वह रामनगरी के विकास कार्यों की भी समीक्षा कर सकते हैं।श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर बजरंग बली के दर्शन-पूजन करेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का यह अयोध्या का पहला दौरा होगा। इसलिए भूमि पूजन स्थल के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हनुमानगढ़ी जाकर भी तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। सीएम योगी शाम को लखनऊ वापस आ जाएंगे।






_page-0001.jpg)





















Comments