हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के एडिटर अतुल अग्रवाल के साथ हुई घटना को पुलिस ने बताया फर्जी, सबूतों के साथ किया खुलासा
हेडलाइंस Jun 25, 2021 at 10:18 PM , 183नोएडा ।
नोएडा में स्थित हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के editor-in-chief अतुल अग्रवाल ने 20 जून को अपने साथ हुई लूट की घटना का सोशल मीडिया में जिक्र किया था। इस पर कोतवाली बिसरख पुलिस ने 22 जून को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में जांच के दौरान शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नोएडा सेंट्रल जोन के डीसीपी हरिश्चंद्र ने बड़ी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि अतुल अग्रवाल के मोबाइल फोन की लोकेशन और सीसीटीवी कैमरों से मिली जानकारी से पता चला कि अतुल अग्रवाल 19 जून को रात 10:40 पर नोएडा सेक्टर-45 से चले थे और हिंडन पुल राइस चौक के पास 10:53 पर वहां से निकले थे।
उन्होंने बताया कि रात 11:01 पर अतुल अग्रवाल इको-विलेज स्थित अपने घर में आए थे और 11:12 पर वह दोबारा अपनी सोसाइटी से बाहर निकल गए। कुछ समय बाद 11:58 पर दोबारा इको-विलेज स्थित अपने आवास पर पहुंचे और रात 12:15 बजे फिर अपनी सोसाइटी से बाहर निकल गए।
12:40 पर एटीएस गोल चक्कर राइस चौक पर उनकी गाड़ी सीसीटीवी में दिखाई पड़ी जिसे वो खुद चला रहे थे। जो वापस यू-टर्न लेते हुए इको-विलेज हनुमान मंदिर की तरफ गई। उसके बाद 12:53 पर चार मूर्ति चौराहा क्रॉस करते हुए उनकी गाड़ी पर्थला गोल चक्कर की तरफ गई। इसके बाद अतुल अग्रवाल सेक्टर-121 स्थित ओयो होटल में सुबह 1:07 पर गए जहां अगले दिन 11:46 बजे होटल से बाहर निकले। पुलिस ने पूरी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह बताया पूरा मामला पुलिस को बदनाम करने के लिए प्रचारित किया गया है।
*महिला मित्र के घर गए थे अतुल अग्रवाल*
पूछताछ के दौरान पुलिस ने बताया कि अतुल अग्रवाल 19 जून को सेक्टर-45 में स्थित अपनी महिला मित्र के घर आने पर गए थे। यह बात पूछताछ में उनकी महिला मित्र ने पुलिस को बताई है। महिला मित्र ने पुलिस को यह भी बताया कि अतुल अग्रवाल 19 जून को शाम 7 बजे खाने पर उनके घर गए थे। उनकी पत्नी का फोन आने पर अतुल रात 10:40 पर वहां से चले गए थे। अतुल की महिला मित्र ने बताया कि रात 1:20 पर अतुल अग्रवाल ने उन्हें फोन करके बताया कि मैं सड़क पर घूम रहा हूं और रात में सोने के लिए ओयो होटल खोज रहा हूं। इस दौरान उन्होंने किसी भी तरह की लूटपाट की घटना जिक्र नहीं किया था।
*ऑनलाइन किया था वह होटल का पेमेंट*
जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि जिस ओयो होटल में अतुल अग्रवाल रुके थे, उसका पेमेंट उन्होंने ऑनलाइन किया था। इसका पैसा उनके खाते से कटा इस बात के भी प्रमाण पुलिस के पास हैं।
*पुलिस को नहीं दी थी तहरीर*
डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि घटना के बाद 21 जून को अतुल अग्रवाल से घटनास्थल पर चलने के लिए कहा गया जिस पर उन्होंने इनकार कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज करने के लिए भी कहा पर अग्रवाल ने मुकदमा दर्ज कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 392 का मुकदमा दर्ज कराया है।
*झूठी शिकायत पर क्या करेगी पुलिस कार्रवाई !*
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि हिंदी खबर चैनल के editor-in-chief अतुल अग्रवाल के साथ लूट की कोई घटना नहीं हुई थी। अब सवाल यह है कि अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच कर रही कोतवाली बिसरख पुलिस झूठी सूचना देने वाले अतुल अग्रवाल के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी।






_page-0001.jpg)





















Comments