अव्यवहारिक निर्णयों के चलते भाजपा सरकार पूर्णतया विफल: अखिलेश
हेडलाइंस May 14, 2020 at 04:36 PM , 317लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कोरोना वायरस के संकट से निबटने में अदूरदर्शिता तथा अव्यवहारिक निर्णयों के चलते भाजपा सरकार पूर्णतया विफल साबित हुई है। यादव ने गुरूवार को कहा कि सही ठोस और सकारात्मक कदम उठाने की जगह छिटपुट फौरी निर्णयों से सरकार जनता को गुमराह कर रही है। लम्बे लाॅकडाउन के बावजूद संकट बढ़ रहा है। श्रमिकों के पलायन और उनकी बेरोजगारी से अराजकता जैसी स्थिति बन रही है। उन्होने कहा कि लाचार मजदूरों की सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। रेल पटरियों से लेकर राजमार्ग, खेत से लेकर खलिहान तक मजदूर लहूलुहान हो रहे हैं। भरी दोपहरी में श्रमिक पलायन करने को लाचार है। आगरा में एक महिला अपने बच्चे के साथ सामान को घसीटते हुए ले जाने को मजबूर है।
मुजफ्फरनगर, सहारनपुर हाई-वे पर हुए सड़क हादसे में कई प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। जगह-जगह मजदूरों और कामगारों के मारे जाने की खब़रें विचलित करने वाली है। इस पूरी दुर्दशा के लिए भाजपा सरकारें जिम्मेदार हैं। इतना ऊपर उड़ना भी ठीक नहीं कि जमीन की सच्चाई ही न दिखाई पड़े।
उन्होने कहा कि लाॅकडाउन में पुलिस की रोज-रोज तारीफ करने वाली भाजपा सरकार इस बात का क्या जवाब देगी कि मथुरा के दामोदरपुरा शाखा में ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त में 31 लाख रूपए की लूट हो गई जबकि आसपास पुलिस की पांच पिकेट लगी थी।
लखनऊ में भी चोरी, हत्या की घटनाएं हो रही है। भाजपा सरकार अपना खजाना भरने को जब शराब बिकवाएगी तो अपराध बढ़ेंगे ही। लाॅकडाउन अवधि में शराब बिक्री के बाद घरेलू हिंसा दुगनी हो गई है और सड़क हादसे तीन गुना बढ़े है।






_page-0001.jpg)





















Comments