विशेष रंगरूप और आर्थिक पैकेज के साथ प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन 4 की घोषणा की
हेडलाइंस May 12, 2020 at 09:40 PM , 635atul tripathi
लखनऊ - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीस लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज व नए रूप ,रंग व कलेवर के साथ लॉकडाउन 4 की घोषणा की |
राष्ट्र के नाम अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से आत्मनिर्भर बनने की अपील करते हुए कहाकि इस समय विश्व को विशाल संक्रमण का सामना करते हुए चार माह से ज्यादा का समय हो चुका है और इस दौरान 42 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित और लगभग पौने तीन लाख लोग दिवंगत हो चुके हैं | मानव जाति के लिए यह अकल्पनीय है लेकिन मानव को थकना ,हारना,टूटना या बिखरना मंजूर नहीं है वह सतर्कता के साथ लड़ेगा और आगे भी बढ़ेगा | हम सदियों से सुनते आए हैं कि 21 वीं सदी भारत की होगी अब लगता है कि यह सपना पूरा होने का समय आ गया है | यह आपदा भारत के लिए एक अवसर ले कर आई है जब संकट शुरू हुआ था तो पी पी ई किट और एन 95 मास्क भारत में नहीं बनते थे लेकिन आज ये दोनो दो लाख प्रतिदिन के औसत से भारत बना रहा है |
आने वाला समय मानव केन्द्रित अर्थव्यवस्था का होगा और विश्व को भी विश्वास होने लगा है कि भारत मानव जाति के कल्याण के मार्ग पर बहुत अच्छा कर सकता है | इसलिए हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को पूरा करना है | इस आपदा को अवसर के रूप में लेना है | भरतीयों ने कच्छ के भूकम्प प्रभावित होने के बाद दृढ़ संकल्प से उसे पुनः मजबूत तैयार करके दिखाया है इसलिए भारतवासी अगर ठान लें तो कुछ भी मुश्किल नहीं है | आत्मनिर्भरता की नींव 5 पिलर पर खड़ी है | पहला पिलर इकॉनामी दूसरा पिलर इनफ्रास्टक्चर तीसरा पिलर सिस्टम चौथा पिलर डेमोग्राफी और पांचवां पिलर डिमांड है |
इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छोटे मझोले उद्योगों , किसानों , मजदूरों तथा गैर संगठित वर्गों के लिए 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की जो कि सकल जी डी पी का 10 प्रतिशत होगी | यह पैकैज आत्मनिर्भर भारत अभियान की प्रमुख कड़ी होगा | अब हमें आत्मनिर्भरता आत्मबल और आत्मविश्वास की मजबूती से ही आगे बढ़ना है |
सम्बोधन के अन्त में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार लॉक डाउन 4 नए रूप नए रंग और नए कलेवर में होगा जिसकी घोषणा 18मई को की जाएगी |






_page-0001.jpg)





















Comments