रेमेडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत दूर होगी, निजी कोविड अस्पतालों को नई गाइडलाइन जारी करेगा प्रशासन -*

हेडलाइंस , 237

नोएडा।

 

किसी भी मरीज के लिए इस इंजेक्शन को लिखने से पहले अस्पताल और डॉक्टर को दो जरूरी जानकारी देनी होगी

डॉक्टर को यह बताना होगा कि उस मरीज के लिए इंजेक्शन की जरूरत क्यों है

 

हॉस्पिटल को इसकी घोषणा करनी होगी कि उनके पास रेमेडेसिविर का स्टॉक नहीं बचा है

सभी निजी कोविड अस्पतालों का इसका पूरी तरह पालन करना होगा

 

गौतमबुद्ध नगर में रेमेडेसिविर इंजेक्शन की भारी कमी को देखते हुए जिला प्रशासन अब प्राइवेट कोविड अस्पतालों के लिए नई गाइडलाइन जारी करेगा। इसके मुताबिक किसी भी मरीज के लिए इस इंजेक्शन को लिखने से पहले अस्पताल और डॉक्टर को दो जरूरी जानकारी देनी होगी। अब डॉक्टर को यह बताना होगा कि उस मरीज के लिए इंजेक्शन की जरूरत क्यों है। साथ ही हॉस्पिटल को इसकी घोषणा करनी होगी कि उनके पास रेमेडेसिविर का स्टॉक नहीं बचा है। इसके बाद ही प्राइवेट कोविड अस्पतालों से इंजेक्शन की मांग को स्वीकार किया जाएगा।

 

 

गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपक ओहरी इस बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अस्पतालों और डॉक्टरों की इस आदत पर रोक लगाई जाएगी। क्योंकि अस्पताल और डॉक्टर मरीज को भर्ती करने के साथ ही रेमेडेसिविरि इंजेक्शन की मांग करने लगते हैं। इससे संक्रमित और उनके परिजनों को भारी तकलीफ झेलनी पड़ती है। आजकल में जिले के सभी निजी कोविड अस्पतालों को नई गाइडलाइन भेज दी जाएगी। अब कोई भी अस्पताल और डॉक्टर रेमेडेसिविरि इंजेक्शन परिजनों से मांगने से पहले दो महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेगा। 

 

 

डॉक्टरों को अब इसके साथ एक सर्टिफिकेट देना होगा। इसमें लिखा होना चाहिए कि आखिर उस मरीज के लिए इंजेक्शन की जरूरत क्यों है। क्या उसका ऑक्सीजन सैचुरेशन कम हो रहा है? या उसका सीटी वैल्यू बढ़ रहा है? साथ ही अस्पतालों को लिखित में यह घोषणा देनी होगी कि उस तिथि को उनके पास रेमेडेसिविर इंजेक्शन का स्टॉक समाप्त हो गया है। इसके बाद ही मरीजों और परिजनों को इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। डॉक्टर दीपक ओहरी ने बताया कि जिले के ज्यादातर निजी कोविड अस्पतालों में डॉक्टर मरीजों का इलाज शुरू करते ही इंजेक्शन की मांग करने लगते हैं। 

 

 

मरीज और परिजन इसकी भाग दौड़ में परेशान रहते हैं। मरीजों और परिजनों का बुरा हाल रहता है। इंजेक्शन की मारामारी रहती है। जबकि यह उन मरीजों को भी दी जा रही है, जिन्हें इसकी आवश्यकता नहीं है। इसको रोकने के लिए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। सभी निजी कोविड अस्पतालों का इसका पूरी तरह पालन करना होगा। इसके बाद इंजेक्शन की किल्लत से छुटकारा मिल जाएगा। जैसे-जैसे हमारे पास स्टॉक आता जाएगा, हम उचित मरीजों को इसकी आपूर्ति कराते रहेंगे ।।

Related Articles

Comments

Back to Top