अखिलेश यादव के बयान पर पंकज चौधरी का पलटवार, बोले—झूठ और भ्रम की राजनीति नहीं करेगी काम, 2027 में फिर भाजपा की जीत तय
जनपत की खबर Mar 29, 2026 at 08:05 PM , 79लखनऊ, 29 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने दादरी में अखिलेश यादव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पूरा भाषण झूठ, भ्रम और समाज को बांटने की राजनीति से भरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जनता ने समाजवादी पार्टी के कुशासन, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को नकार दिया था और 2027 में भी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को चुनने के लिए तैयार है।
पंकज चौधरी ने कहा कि “PDA” के नाम पर अखिलेश यादव सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अपने शासनकाल में गरीबों, पिछड़ों, दलितों, किसानों और युवाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और कुछ खास परिवारों व वर्गों को ही प्राथमिकता दी।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है, जबकि यह नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जहां जमीन पर विकास कार्य कर रही है, वहीं सपा केवल कागजों में योजनाएं दिखाती थी।
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके शासनकाल को जनता गुंडाराज, दंगों और अपराध के लिए याद करती है। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और सख्त कानून व्यवस्था के जरिए महिलाओं को सुरक्षित वातावरण दिया है।
रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे पर भी उन्होंने सपा को घेरते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाएं भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से प्रभावित थीं, जबकि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती और निवेश के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।
संविधान और भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब के विचारों को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाया है और वंचित वर्गों को अधिकार व अवसर देने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान बदलने का भय दिखाना सपा की पुरानी राजनीति है।
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव समाज को विभाजित करने की राजनीति कर रहे हैं, जबकि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है।
उन्होंने “ATM”, “जुमला” और “झूठ” जैसे बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा शासनकाल में भ्रष्टाचार और घोटालों का माहौल था, इसलिए नैतिकता पर भाषण देने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के मुद्दों पर लड़ा जाएगा और जनता का भरोसा केवल भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर है।































Comments