होली पर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, ‘पीडीए सरकार’ बनाने का किया आह्वान
अन्य खबरे Mar 04, 2026 at 09:05 PM , 161लखनऊ।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को अपने पैतृक गांव सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ होली मनाई। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव में ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक)’ सरकार बनाने का आह्वान किया और विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा पर तीखा प्रहार किया।
फूलों की होली खेलते हुए सपा प्रमुख ने शंकराचार्य से जुड़े कथित अपमान के प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “हमारे पूज्य शंकराचार्य जी को आहत किया गया। पीडीए हर उस व्यक्ति के साथ खड़ा होगा जो उत्पीड़ित, आहत या अपमानित है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मामले को सुलझाने के बजाय अहंकारपूर्ण रवैया अपनाया और षड्यंत्रपूर्वक मुकदमे दर्ज किए गए।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग स्वयं को सनातन धर्म का सबसे बड़ा अनुयायी बताते हैं, वे बेनकाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि गीता में स्पष्ट है कि जो दूसरों के दुख को अपना दुख समझे वही सच्चा योगी है, केवल विशेष वस्त्र धारण करने से कोई योगी नहीं बन जाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हालिया जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार पहले बड़े निवेश समझौतों का दावा कर चुकी है, अब एक लाख करोड़ रुपये के नए एमओयू की बात कही जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का समय समाप्त हो चुका है और जनता परिवर्तन चाहती है।
अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है। सपा सरकार बनने पर किसानों के कल्याण को प्राथमिकता देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि जब किसान मजबूत होता है तो समाज और प्रदेश दोनों प्रगति करते हैं।
विदेश नीति पर भी टिप्पणी करते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश की विदेश नीति को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा युद्ध के खिलाफ रही है और महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश के अनुरूप शांति की पक्षधर है। साथ ही उन्होंने आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कृषि और व्यापार से जुड़े फैसलों को विदेशी समझौतों से इस प्रकार जोड़ा जा रहा है, जिससे घरेलू उत्पादकों को नुकसान हो सकता है।



























Comments