टिकैत पर जानलेवा हमला सोलह लोग गिरफ्तार
हेडलाइंस Apr 03, 2021 at 10:10 AM , 224नई दिल्ली।राजस्थान में अलवर जिले के ततारपुर थाना पुलिस ने किसान नेता राकेश टिकैत पर हमला करने के मामले में सोलह लोगों को गिरफ्तार किया है। टिकैत पर हमले के बाद उनके समर्थकों में रोष है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के काफिले पर हमले को निंदनीय बताते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि श्री टिकैत के काफिले पर भाजपा के लोगों द्वारा हमला निंदनीय है।
पुलिस ने बताया कि इनमें एक पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भी शामिल है। इस मामले में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप यादव के अलावा मनीष, मोनू, विपिन, अंकित, लोकेश, रवि, प्रमोद, हेमंत, नितेश सहित सोलह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने इनके पास से एक गाड़ी भी जप्त की है।
उल्लेखनीय है कि राकेश टिकैत अलवर के हरसौली में किसान सभा को सम्बोधित कर बानसूर में किसान सभा के लिए जा रहे थे, तभी शाम करीब साढ़े 4 बजे अज्ञात लोगों ने उनकी गाडी के ऊपर पथराव कर दिया और लाठी-डंडों से उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ डाले। हालांकि हमले में राकेश टिकैत को चोट नहीं आई, उन्हें दूसरी गाड़ी में बानसूर के लिए रवाना कर दिया गया था।
हमले के कुछ देर बार राकेश टिकैत ने भाजपा को इस हमले का जिम्मेदार बताया। टिकैत ने ट्वीटर पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चैराहा, बानसूर रोड़ पर भाजपा के गुंडों द्वारा जानलेवा पर हमला किए गए, लोकतंत्र के हत्या की तस्वीरें।
उधर इस मामले को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस के नेताओं में आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता और राज्य के मंत्री टीकाराम जूली ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे भाजपा की साजिश बताया है तो वहीं अलवर के सांसद महंत बालक नाथ ने इस घटना की निंदा की है और कहा कि इस घटना का भाजपा से कोई लेना देना नहीं है।






_page-0001.jpg)





















Comments