1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को 28 सितंबर को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जनपत की खबर , 17

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा समारोह, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी रहेंगे मौजूद
 
लखनऊ, 27 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश में ग्रामीण विकास, सुशासन और पंचायत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार 28 सितंबर को महत्वपूर्ण कदम उठाएगी। पंचायती राज विभाग द्वारा नवचयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को सोमवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
 
कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे विभूति खंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित होगा। समारोह में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की भी विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री मंच पर सांकेतिक रूप से 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
 
कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर संबोधित करेंगे। वहीं, नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारी अपनी चयन प्रक्रिया और नियुक्ति से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। ग्रामीण विकास पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म का प्रदर्शन भी समारोह में किया जाएगा।
 
पंचायत स्तर पर मजबूत होगी प्रशासनिक व्यवस्था
 
1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति से ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों के संचालन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण नागरिकों को पंचायत स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
 
समारोह में नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों के लिए प्रस्तावित एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम (Orientation & Training Program) के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। पंचायती राज विभाग का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाते हुए प्रदेश में ग्रामीण विकास की प्रक्रिया को गति प्रदान करना है।

Related Articles

Comments

Back to Top