प्रदेश के तीन प्रमुख केंद्रों में 76 प्रशिक्षणार्थी प्राप्त कर रहे हैं 90 दिवसीय मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण
अन्य खबरे Sep 19, 2026 at 07:57 PM , 15उद्यान विभाग द्वारा मधुमक्खी पालन इकाई स्थापना पर दिया जा रहा है 40 प्रतिशत तक का अनुदान
प्रत्येक लाभार्थी को 50 मधुमक्खी बक्से, कालोनियों व सहायक उपकरणों सहित पूर्ण यूनिट कराई जा रही उपलब्ध
लखनऊ: 19 सितम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से मधुमक्खी पालन को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के बस्ती औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में 15, सहारनपुर औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में 29 तथा राजकीय मौनपालन प्रशिक्षण केंद्र प्रयागराज में 32 प्रशिक्षणार्थियों सहित कुल 76 अभ्यर्थियों को 90 दिवसीय (15 दिसम्बर तक) मौनपालन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आधुनिक तकनीकों से दक्ष होकर सफल उद्यमी बन सकें।
उद्यान निदेशक श्री भानु प्रकाश राम ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित मधुमक्खी पालन कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इकाई लागत पर 40 प्रतिशत तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को 50 मौनवंशों (मधुमक्खी कालोनियों), मधुमक्खी गृहों (बक्सों) की एक पूर्ण इकाई स्थापित कराई जाती है, जिसमें शहद निष्कर्षण एवं रख-रखाव के लिए आवश्यक समस्त सहायक उपकरण भी शामिल हैं।
प्रदेश सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसरों का सृजन हो रहा है। विभाग द्वारा दी जा रही इस वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से किसान न केवल शहद व सह-उत्पादों का उत्पादन कर बेहतर मुनाफा कमा सकेंगे, बल्कि परागण प्रक्रिया में वृद्धि होने से फसलों की उत्पादकता को भी नई गति मिलेगी।






_page-0001.jpg)




















Comments