यूपी में ‘कौशल कनेक्ट सेल’ का गठन, उद्योगों को मिलेगी जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित मैनपावर
अन्य खबरे Feb 18, 2026 at 07:20 PM , 132लखनऊ।
उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में निवेश करने वाले बड़े उद्योगों को उनकी आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित कार्यबल उपलब्ध कराने हेतु ‘कौशल कनेक्ट सेल’ का गठन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य निवेश परियोजनाओं को समयबद्ध और सफल बनाना है।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण और रोजगार प्रक्रिया को तेज करने के लिए स्पीडअप-पीएमयू को मिशन से जोड़ा गया है। यह पीएमयू अब ‘कौशल कनेक्ट सेल’ के माध्यम से निवेशकों के साथ रियल-टाइम समन्वय स्थापित करेगा।
रियल-टाइम ट्रैकिंग और सेक्टर-वार डाटाबेस
‘कौशल कनेक्ट सेल’ इन्वेस्ट यूपी के साथ दैनिक समन्वय करते हुए स्वीकृत परियोजनाओं की रियल-टाइम ट्रैकिंग करेगी। साथ ही जिलेवार निवेश और सेक्टर—जैसे ऑटोमोबाइल, आईटी, टेक्सटाइल आदि—के अनुसार आवश्यक मानव संसाधन का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाएगा।
सेल निवेशकों के एचआर विभागों से निरंतर संपर्क में रहकर ट्रेनिंग पार्टनर्स (TP/PIA) के माध्यम से प्रशिक्षित लेकिन बेरोजगार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराएगी।
35 सेक्टर और 1300 से अधिक जॉब रोल्स
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि वर्तमान में मिशन के तहत 35 से अधिक सेक्टरों और 1300 से ज्यादा जॉब रोल्स में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ‘कौशल कनेक्ट सेल’ के सक्रिय होने से प्रशिक्षण और उद्योगों की मांग के बीच की दूरी समाप्त होगी तथा युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूती मिलेगी और उत्तर प्रदेश को एक मजबूत ‘स्किल हब’ के रूप में स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
नामित किए गए एसपीओसी
दोनों विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए एकल संपर्क सूत्र (SPOC) नामित किए गए हैं।
ओमैर शाहिद – टीम लीडर, एसपीओसी (इन्वेस्ट यूपी)
डॉ. पवित्रा टंडन – अध्यक्ष, कौशल कनेक्ट सेल
अतुल कुमार सिंह – एसपीओसी, कौशल विकास मिशन
धनंजय कुमार द्विवेदी एवं ज्योति श्रीवास्तव – टीम सदस्य
सरकार को उम्मीद है कि यह समन्वित तंत्र निवेश और रोजगार के बीच सेतु का कार्य करेगा तथा प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराएगा।



























Comments